Published on: 26 Feb 2026
*मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के मनोविज्ञान विभाग के एम.एससी. विद्यार्थियों द्वारा पीजीआईएमएस, रोहतक के मनोरोग विभाग, क्लिनिकल साइकोलॉजी एवं नशा मुक्ति केंद्र में शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं अस्पताल आधारित मनोवैज्ञानिक सेवाओं से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान पीजीआई के क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग के डॉ. जोगिंदर कैरो ने विद्यार्थियों को मनोवैज्ञानिक आकलन की अवधारणा, विभिन्न न्यूरोसाइकोलॉजिकल परीक्षणों तथा उनकी क्लिनिकल उपयोगिताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सटीक आकलन किसी भी मानसिक विकार के उपचार की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी है। विद्यार्थियों ने परीक्षण सामग्री और प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा विशेषज्ञों से संवाद भी किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में डिप्रेशन और सिज़ोफ्रेनिया से ग्रसित मरीजों के वार्ड का भी अवलोकन किया। वहां उन्हें रोगियों की देखभाल, उपचार पद्धतियों तथा बहु-विषयक टीम वर्क के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।
इस शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन विभागीय प्राध्यापकों डॉ. संदीप कुमार, डॉ. सतीश कुमार एवं रोहित कुमार तथा शोधार्थी भूमिका व पारुल द्वारा किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉ. बिजेंद्र ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे व्यावहारिक अनुभवों की आवश्यकता पर बल दिया।